ममता कुलकर्णी ने धारण किया संन्यास, किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर बनीं, बोलीं- अब बॉलीवुड नहीं लौटूंगी

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

प्रयागराज: महाकुंभ में बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने शुक्रवार को संन्यास ले ली। किन्नर अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की, और इसके बाद उनका नाम बदलकर श्रीयामाई ममता नंद गिरि रखा गया। दीक्षा के बाद ममता ने 7 घंटे की तपस्या की और संगम में डुबकी लगाकर अपना पिंडदान किया। इस मौके पर किन्नर अखाड़े के संतों ने उनका दूध से अभिषेक किया और उन्हें धर्मध्वजा के नीचे पट्टाभिषेक किया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

ममता ने साध्वी के रूप में किन्नर अखाड़े में प्रवेश किया। गले में रुद्राक्ष की माला और भगवा वस्त्र पहने हुए ममता ने इस अवसर पर अपने गुरु आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से आशीर्वाद लिया और अपने नए जीवन के लिए संकल्प लिया। इस दौरान अखाड़े में करीब 10,000 लोग उपस्थित थे। ममता ने बताया कि यह महादेव और महाकाली का आदेश था, और उन्होंने गुरु के निर्देशानुसार इस दिन को चुना।ममता ने कहा, “अब मुझे बॉलीवुड नहीं जाना है। मुझे अब सनातन धर्म के लिए काम करना है। 12 साल पहले जब मैंने बॉलीवुड छोड़ने का फैसला किया था, तो मैं बुरे हालात में नहीं थी।”

 उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर वह चिंतित हैं और इसे गलत मानती हैं। ममता ने आगे कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि महाकुंभ की पवित्र बेला में मैं इस महान अवसर का हिस्सा बन रही हूं।” उन्होंने 23 साल पहले अपने गुरु चैतन्य गगन गिरि से कुपोली आश्रम में दीक्षा ली थी और अब पूरी तरह से संन्यास लेने के बाद नए जीवन में प्रवेश कर रही हैं।

आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा, “ममता कुलकर्णी पिछले डेढ़ साल से किन्नर अखाड़े और मेरे संपर्क में थीं। वह किसी भी धार्मिक पात्र का किरदार निभाने के लिए स्वतंत्र हैं, क्योंकि हम किसी को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने से नहीं रोकते।” इस दौरान ममता कुलकर्णी ने संन्यास के बाद अपनी नई पहचान को स्वीकार किया। किन्नर अखाड़े में शामिल होने के लिए किन्नर होना आवश्यक नहीं है, बल्कि यह अखाड़ा सनातन धर्म और किन्नरों के प्रति आस्था रखने वाले व्यक्तियों को स्वागत करता है। स्वामी अवधेशानंद ने ममता के महामंडलेश्वर बनने पर टिप्पणी करते हुए कहा, “संन्यास का अधिकार हर व्यक्ति को है। वह जो मोह-माया और सांसारिकता को छोड़कर श्रेष्ठ कार्यों के लिए जीवन जीने का संकल्प करता है, उसका स्वागत किया जाना चाहिए।”

Share This Article