सिटी पोस्ट लाइव
पटना। कल हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद BJP में बगावत हो गई है। खबर है कि कई विधायक जिन्हें मंत्री बनने की उम्मीद थी, वे नाराज़ हो गए हैं। बीजेपी के बिहपुर विधानसभा से भाजपा विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र बागी हो गए हैं। विधायक कुमार शैलेंद्र ने कहा है कि मुझे क्यों मंत्री बनाया जाएगा, मैं दलाली थोड़े ही करता हूं। दलालों को मंत्री बनाा गया है। विधायक कुमार शैलेंद्र ने कहा कि हम मंत्री पद के लिए नहीं दौड़ते। हम किसी के पीछे-पीछे नहीं घूमते. दलाली नहीं करते, इसीलिए हमें मंत्री नहीं बनाया गया। ई० कुमार शैलेंद्र ने कहा कि “मुझे इस जन्म में मंत्री नहीं बनाएंगे। लोग झूठ-मूठ का हल्ला मचाते हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी प्राथमिकता केवल क्षेत्र में विकास करना है।
विधायक शैलेंद्र ने कहा कि उन्हें न केवल मंत्री पद नहीं दिया गया, बल्कि सचेतक पद से भी हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि “भागलपुर प्रमंडल को इस मंत्रीमंडल विस्तार में पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है। आखिर इसमें हमारी क्या गलती है?” ई० कुमार शैलेंद्र ने कहा कि अगर मंत्री बन भी जाते, तो सिर्फ रुतबा बढ़ता। लेकिन मेरी असली पहचान मेरे क्षेत्र के लोग हैं। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि क्षेत्र में विकास होता रहे।
हालांकि, अभी सिर्फ़ बिहपुर विधायक कुमार शैलेंद्र ने ही मुखर होकर बगावत का झंडा बुलंद किया है, लेकिन खबर है कि कई बीजेपी विधायक नाराज़ हैं और अभी तो सिर्फ़ इंजीनियर शैलेंद्र ने मुंह खोला है। मुमकिन है कि आने वाले समय में दूसरे विधायक भी पार्टी के खिलाफ़ बोलने लगे। बीजेपी को अनुशासित पार्टी के रूप में जाना जाता रहा है। ऐसे में एक बीजेपी विधायकों का सामने आकर यह कहना कि दलालों को मंत्री बनाया गया है और मुझे इसलिए मंत्री नहीं बनाया गया क्योंकि मैं दलाल नहीं हूं, पूरी बीजेपी नेतृत्व पर ही सवाल उठाता है।