सिटी पोस्ट लाइव : बिहार विधान सभा के बजट सत्र का 17वां दिन आज काफी हंगामेदार रहनेवाला है. मंगलवार को सदन में कैग रिपोर्ट पेश हुई थी. आज इसे लेकर विपक्ष सरकार को घेरेगा. आरक्षण और लॉ-एंड-ऑर्डर के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेर सकता है.विपक्ष 65 फीसदी आरक्षण की मांग करते हुए इसे 9वीं अनुसूची में शामिल करने की भी डिमांड कर रहा है. मंगलवार को विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों के आरक्षण की मांग वाली टीशर्ट को देखकर मुख्यमंत्री भड़क गए थे. उन्होंने टीशर्ट पर लिखे स्लोगन को पढ़ते हुए राबड़ी देवी से बैठने को कहा। सीएम ने कहा- ‘आपका क्या है, सब आपके हसबैंड का किया हुआ है. इस बेचारी को कुछ पता है. मैं तो यही पूछ रहा हूं कि क्यों इसे (स्लोगन वाले टीशर्ट) पहन कर आए हैं.’
सदन में आज सवाल-जवाब के थ ध्यानाकर्षण होगा. खान एवं भूतत्व विभाग, नगर विकास आवास विभाग की ओर से जवाब दिया जाएगा. विधान परिषद में प्रश्नोत्तर के अलावा बिहार नगर कल्याण निबंधन नियमावली 2021, बिहार नगरपालिका राजस्व एवं लेखा संवर्ग नियमावली 2021, बिहार नगरपालिका लिपिकीय संवर्ग नियमावली 2021 और बिहार नगर प्रबंधक संवर्ग संशोधन नियमावली 2021 की एक-एक प्रति सदन में रखी जाएगी.
ध्यानाकर्षण में राज्य के वित्त अनुदानित शिक्षण संस्थानों की बकाया सैलरी का एकमुश्त भुगतान करने, नियमित वेतन संरचना से संबंधित नीतिगत फैसला लेने, राज्य के दिव्यांग कर्मी-पदाधिकारी को ऊपरी पदभार-वेतन देने, बेतिया राज की एक लाख एकड़ भूमि का दाखिल-खारिज और मालगुजारी वसूली बंद किए जाने का ध्यानाकर्षण पर सरकार का वक्तव्य होगा.