सिटी पोस्ट लाइव
मुजफ्फरपुर। गायघाट प्रखंड मुख्यालय में कांटा पिरौछा उत्तरी पैक्स अध्यक्ष नागेंद्र साह ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका अनशन जारी रहेगा। नागेंद्र साह का आरोप है कि वर्तमान पैक्स सचिव, जो पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार सिंह के भाई हैं, चुनावी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बीसीओ (ब्लॉक कोऑपरेटिव ऑफिसर) के साथ मिलीभगत कर प्रबंधकारिणी समिति की बैठक को बाधित किया है और चोरी-छिपे मनमाने प्रस्ताव पारित करवा रहे हैं।

साह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पैक्स द्वारा संचालित जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की पॉश मशीन में 1900 क्विंटल अनाज अधिशेष दिखाया जा रहा है, जबकि गोदाम में अनाज मौजूद नहीं है। बावजूद इसके, जबरन प्रभार लेने का दबाव उन पर बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। इस बीच, स्थिति को संभालने के लिए बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय अनशन स्थल पर पहुंचे और पैक्स अध्यक्ष से अनशन समाप्त करने की अपील की।