सिटी पोस्ट लाइव
पटना : चुनाव अब नज़दीक आ गया है और बिहार तो सदा से राजनीति की पाठशाला रहा है, ऐसे में सरकारी शिक्षक भला खुद को चुनावी माहौल, चुनावी चर्चाओं, चुनावी सभाओं से दूर रखें, तो कैसे? लेकिन बिहार सरकार ने फ़रमान जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ की ओर से जारी फ़रमान में कहा गया है कि अगर शिक्षक स्कूल से गायब होकर राजनीति में शामिल होते दिखे, तो खैर नहीं।
स्कूल से हाज़िरी बनाकर गायब होने और चुनावी रैलियों-सभाओं में हिस्सा लेने वाले शिक्षकों के ख़िलाफ़ ऐक्शन लिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र लिखा है. डीईओ से कहा गया कि ऐसे शिक्षकों को चिह्नित कर विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबित किया जाए जो स्कूल से हाज़िरी बनाकर गायब हो जा रहे हैं। पत्र में बताया गया है कि गुप्त सूचना के आधार पर कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया जिसमें यह खुलासा हुआ है। सामने आया है कि कई शिक्षक जो स्कूल के नजदीक रहते हैं वे हाजिरी बनाने के बाद विद्यालय छोड़ कर चले जा रहे हैं और स्थानीय राजनीति में हिस्सा ले रहे हैं। शिक्षा विभाग ने कहा है कि अगर कोई शिक्षक हाज़िरी बनाकर स्कूल से लापता हो जाता है, तो इसे धोखाधड़ी का मामला माना जाएगा। शिक्षा विभाग के इस आदेश से उन शिक्षकों में बेचैनी है जिन्हें राजनीति की लत है और जो खुद को स्थानीय राजनीति से अलग नहीं रख सकते। चाहे पंचायत चुनाव हो या लोकसभा चुनाव या विधानसभा चुनाव। कई शिक्षक इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और इसका सीधा असर सरकारी स्कूलों की पढ़ाई पर पड़ता है। चुनावी मौसम में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कम और राजनीतिक चर्चा ज़्यादा होती है। स्कूलों में जाने पर शिक्षक एक जगह कुर्सी लगाकर राजनीतिक चर्चा करते नज़र आते हैं। इस पर भी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ की नज़र है। क्लास छोड़कर राजनीतिक गप्पे मारने वाले शिक्षकों पर भी औचक निरीक्षण के दौरान ऐक्शन लिया जा सकता है।
गुरुजी, चुनाव आ गया, पर राजनीति से दूर ही रहिएगा, वरना… शिक्षकों को मिली चेतावनी