सिटी पोस्ट लाइव
बाढ़ (पटना): बिहार के बाढ़ अनुमंडल में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे बिहारी बीघा और धनुकी गांव के बीच फोरलेन सड़क पर हुआ।
मृतक युवक गोरेलाल साव, खजुरार गांव का निवासी था और दिल्ली में एक फैक्ट्री में काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही अपने परिवार में शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर लौटा था। हादसे की रात वह अपने मित्र के साथ बाइक से बारात जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रही हाइवा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और दोनों युवक सड़क पर काफी देर तक घायल अवस्था में पड़े रहे, क्योंकि आसपास कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गोरेलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसके साथी को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया।
गोरेलाल अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इस हादसे ने परिवार में गहरा शोक फैला दिया है।