सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमर एनएच-31 पर खोटा चौक के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक और हाइवा के बीच जोरदार टक्कर के बाद हाइवा में भीषण आग लग गई, जिससे चालक प्रमोद सहनी (40 वर्ष) की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतनी जोरदार था कि टक्कर के बाद हाइवा पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने और चालक को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों और धुएं के कारण किसी की भी पहुंच हाइवा के अंदर नहीं हो सकी।

सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हाइवा से चालक का जला हुआ शव बाहर निकाला गया जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि अंधेरे और ओवरस्पीडिंग की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है।
मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है ।