सिटी पोस्ट लाइव
आमिर ख़ान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया, जिसे दर्शकों ने शुरुआत में बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायक बताया। फिल्म में आमिर एक गुस्सैल और असामाजिक बास्केटबॉल कोच की भूमिका में हैं, जिसे कोर्ट के आदेश पर बौद्धिक रूप से अक्षम युवाओं की एक टीम को प्रशिक्षित करना पड़ता है।

हालांकि ट्रेलर रिलीज के कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कई दर्शकों ने दावा किया कि ‘सितारे ज़मीन पर’, हॉलीवुड फिल्म ‘Champions’ की सीन दर सीन कॉपी है। यही नहीं, कुछ यूज़र्स ने यह भी याद दिलाया कि ‘Champions’ स्वयं 2018 की स्पैनिश फिल्म ‘Campeones’ का आधिकारिक रीमेक है। इस उलझन ने इंटरनेट पर एक बहस को जन्म दे दिया है।
सोशल मीडिया पर उभरे तीखे रिएक्शन
इंस्टाग्राम पर एक यूज़र ने दोनों फिल्मों के सीन का तुलना करते हुए लिखा, “कट, कॉपी, पेस्ट!” वहीं एक अन्य कमेंट था, “बॉलीवुड मतलब मौलिकता की छुट्टी। यहां बस रीमिक्स चलते हैं – एक हॉलीवुड या टॉलीवुड फिल्म लो, उसमें 6 फालतू गाने डालो और बना दो ‘सिनेमैटिक यूनिवर्स’!” कई यूज़र्स ने कहा कि आमिर ख़ान की यह फिल्म ‘Champions’ की फ्रेम-बाय-फ्रेम कॉपी लग रही है, जिसमें वही कोर्ट सीन, खिलाड़ियों से संवाद, और यहां तक कि वही बॉल फेंक कर खिलाड़ी को गलती से लगने वाला सीन भी शामिल है।

क्या है ‘सितारे ज़मीन पर’ का असली स्रोत?
हालांकि कुछ लोगों ने आमिर खान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने इस फिल्म के लिए ‘Campeones’ के आधिकारिक हिंदी रीमेक अधिकार खरीदे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “जो लोग समझ नहीं पा रहे, उनके लिए स्पष्ट कर दें कि ‘सितारे ज़मीन पर’ को आमिर खान प्रोडक्शंस ने 2018 की स्पैनिश फिल्म ‘Campeones’ के आधिकारिक अधिकार लेकर बनाया है, जिसे बाद में अंग्रेजी में ‘Champions’ नाम से रीमेक किया गया था।” अब तक आमिर खान प्रोडक्शंस की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
तीनों फिल्मों की कहानी में समानता
स्पैनिश फिल्म Campeones, हॉलीवुड फिल्म Champions, और अब आमिर ख़ान की Sitaare Zameen Par – तीनों की कहानी एक जैसी है। एक नाराज़ और असंवेदनशील कोच को कोर्ट द्वारा स्पेशल ओलंपिक्स की तैयारी कर रही टीम को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। कहानी में कोच की सोच में बदलाव आता है और उसे खिलाड़ियों से जीवन के असली सबक मिलते हैं।