Bihar Politics:
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में सभी दल जोरशोर से जुटे हुए हैं. सीट शेयरिंग को लेकर भागदौड़ मची हुई है.नेताओं का दल बदल का दौर जारी है.अब एक और नए राजनीतिक दल का गठन भी हो गया है. विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी के सहायक रहे प्रदीप निषाद ने भी अपनी पार्टी बना ली है.उन्होंने अपनी पार्टी का नाम विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) रखा है.
प्रदीप ने कहा कि यह पार्टी शोषितों, पीड़ितों, दलितों, महादलितों, अत्यंत पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक उत्थान के लिए समर्पित रहेगी.उन्होंने दावा किया कि इस पार्टी में सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के लोगों की पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी.उन्होंने कहा कि खासकर निषाद समाज की सभी उपजातियों को एक सूत्र में बांधकर उनके वाजिब हक और अधिकार दिलाने की दिशा में पार्टी काम करेगी. युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व में बड़ी भूमिका दी जाएगी.
गौरतलब है कि महागठबंधन में 60 सीटों की मांग करनेवाले मुकेश सहनी के संपर्क में अभी भी बीजेपी बनी हुई है.सूत्रों के अनुसार उनके इंतज़ार में एनडीए सीटों का बटवारा नहीं कर पा रहा है.सूत्रों के अनुसार मनमाफिक और पर्याप्त सीटें नहीं मिलने पर मुकेश सहनी (mukesh sahani) एनडीए के साथ जा सकते हैं.सूत्रों के अनुसार उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाए जाने और 10 सीटें दिए जाने की संभावना है.