आरा में कटाव का तांडव: पप्पू यादव के सामने गंगा में समाया घर, सरकार पर उठे सवाल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
आरा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के जवनिया गांव में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव ने कहर बरपाया है। नदी के पानी के बढ़ाव से जमीन का कटाव तेजी से हो रहा है, जिसकी वजह से कई घर देखते ही देखते जमींदोज हो गए। यह घटना बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ और उससे होने वाले नुकसान की भयावह तस्वीर पेश करती है।

गुरुवार को, पूर्व सांसद और जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के प्रमुख पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। वे जवनिया में कटाव से प्रभावित एक मकान के पास खड़े होकर दूसरे मकान को देख रहे थे, तभी उनकी आंखों के सामने ही एक और घर देखते ही देखते नदी में समाहित हो गया। यह दृश्य बेहद ही अशोभनीय और हृदयविदारक था, जो मौके पर मौजूद सभी लोगों को स्तब्ध कर गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस घटना के बाद राज्य सरकार की तैयारियों और बाढ़ नियंत्रण उपायों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पप्पू यादव ने भी इस स्थिति के लिए सरकार को आड़े हाथों लिया। बिहार की एक बड़ी आबादी हर साल बाढ़ से प्रभावित होती है, लेकिन आरोप है कि सरकार ने आज तक कोई ऐसा ठोस कदम नहीं उठाया है जिससे लोगों को बाढ़ की त्रासदी से बचाया जा सके।

जवनिया में घरों के नदी में समाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जो राज्य में बाढ़ और कटाव की गंभीर समस्या को उजागर करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे हर साल इस त्रासदी का सामना करते हैं और सरकार से स्थायी समाधान की उम्मीद करते हैं।

Share This Article