IPL की नीलामी इस बार भी भारत के बाहर आयोजित होने वाली है। अगले साल होने वाले IPL 2026 सीजन के मिनी ऑक्शन का आयोजन 15 से 18 दिसंबर के बीच दुबई, मस्कट या दोहा में से किसी एक शहर में किया जाएगा। यह जानकारी BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है। लीग के आगामी सीजन की तैयारियों को देखते हुए इस नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए बड़े खिलाड़ी खरीदने पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
पिछले हफ्ते कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि इस बार की नीलामी भारत में आयोजित होगी। जबकि 2024 में IPL का मेगा ऑक्शन सऊदी अरब के जेद्दाह में हुआ था, तब भी जगह और लॉजिस्टिक चुनौतियों का हवाला दिया गया था। इस बार IPL मिनी ऑक्शन के लिए दुबई, मस्कट और दोहा के नाम चर्चा में हैं। इनमें से दुबई सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसका कारण साफ है कि यहां BCCI और IPL फ्रेंचाइजियों के लिए बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है और पिछले कई सालों से बोर्ड ने यहां कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स सफलतापूर्वक आयोजित किए हैं। वहीं, याद दिला दें, 2014 में आम चुनावों के चलते IPL के शुरुआती मैच भारत के बाहर हुए थे और UAE को ही मेजबान बनाया गया। हालांकि, कोरोना काल में 2020 और 2021 में पूरी लीग UAE में ही आयोजित हुई थी। मस्कट (ओमान) भी विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। यहां BCCI के अच्छे संबंध हैं और छोटा लेकिन आधुनिक क्रिकेट कॉम्प्लेक्स मौजूद है। वहीं, दोहा (कतर) पहली बार संभावित वेन्यू के तौर पर चर्चा में आया है, जो यह संकेत देता है कि BCCI अब खाड़ी देशों में अपने क्रिकेट प्रेजेंस को और मजबूत करना चाहता है।
अब IPL सिर्फ भारत की लीग नहीं, बल्कि एक ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में इसकी नीलामी भी अंतरराष्ट्रीय इवेंट का रूप ले चुकी है। इसमें सिर्फ फ्रेंचाइजी मालिक ही नहीं, बल्कि दुनिया भर से एजेंट, एनालिस्ट और खिलाड़ियों के मैनेजर भी हिस्सा लेते हैं। विदेश में ऑक्शन कराने से न सिर्फ बेहतर सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर मिलते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया कवरेज भी बढ़ जाती है। BCCI सूत्रों के मुताबिक, फ्रेंचाइजियों को भी ऑक्शन विदेश में कराने पर कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि ज्यादातर टीम मालिकों के बिजनेस कनेक्शन पहले से खाड़ी देशों में मौजूद हैं।