6 नवंबर को वोटिंग, आज थम जाएगा प्रचार! पहले चरण में 1314 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का चुनावी शोर आज थमने जा रहा है। मंगलवार को प्रचार का आखिरी दिन होने के चलते सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। शाम तक प्रचार रुकने से पहले एनडीए और महागठबंधन के दिग्गज नेता कई जिलों में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। इसके बाद उम्मीदवारों के पास मतदाताओं के दरवाजे खटखटाने और आखिरी मनुहार करने के लिए सिर्फ 24 घंटे का वक्त बचा है।

पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को वोटिंग होगी। इनमें 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं। पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस चरण में कुल 1,314 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 122 महिलाएं और 1,192 पुरुष उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और सुचारु मतदान के लिए 45,341 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 36,733 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में और 8,608 बूथ शहरी इलाकों में बनाए गए हैं। इसके अलावा 926 बूथों का संचालन केवल महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जबकि 107 बूथों की जिम्मेदारी दिव्यांगजन संभालेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए राज्यभर में 320 मॉडल बूथ भी तैयार किए गए हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पहले चरण के चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है। इस चरण में कुल 121 सामान्य पर्यवेक्षक, 18 पुलिस पर्यवेक्षक और 33 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो मतदान प्रक्रिया की निरंतर निगरानी करेंगे। इसके साथ ही अगले चरण की तैयारियां भी जोर पर हैं। दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगी, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। आयोग का लक्ष्य है कि पूरे राज्य में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी माहौल में संपन्न हो।

Share This Article