सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को एक बार फिर लालू-राबड़ी शासनकाल पर बरसे। एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख महिलाओं को डीबीटी से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजते हुए उन्होंने कहा कि पहले वाली सरकार में कुछ हुआ था जी… याद करिए न, कुछ नहीं किया। नीतीश ने दावा किया कि उनकी सरकार बिहार को लगातार आगे बढ़ा रही है और केंद्र का सहयोग मिलने से विकास की रफ्तार और तेज हुई है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों की महिलाओं से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हालिया विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने भारी बहुमत देकर एनडीए सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने महिलाओं और सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समर्थन के कारण ही सरकार को अगले पाँच वर्षों तक जनता की सेवा करने का मौका मिला है। नीतीश कुमार ने बताया कि ‘महिला रोजगार योजना’ के तहत आज 10 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई है। इससे पहले एक करोड़ 46 लाख महिलाओं को यह लाभ मिल चुका है। आज की किस्त के बाद कुल लाभार्थियों की संख्या बढ़कर एक करोड़ 56 लाख हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना ने बड़ी संख्या में महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने का अवसर दिया है और जो महिलाएँ अपना व्यवसाय अच्छी तरह चलाएंगी, उन्हें आगे चलकर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों की महिलाओं को अभी सहायता नहीं मिली है, उन्हें भी अगले महीने तक यह राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उनकी सरकार ने शुरू से ही कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, चाहे पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देना हो या बिहार पुलिस में 35 प्रतिशत आरक्षण लागू करना। नीतीश कुमार ने दावा किया कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की यह पहल रुकने वाली नहीं है। सरकार आने वाले दिनों में और भी बड़े कदम उठाएगी। हमने शुरुआत से महिलाओं के हित में काम किया है और आगे भी करते रहेंगे… किसी को छोड़ेंगे नहीं।