अपराध पर लगाम की तैयारी: पटना में घर निर्माण से पहले कैमरा अनिवार्य…

Ritu Raj

पटना में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब अगर शहर में कोई नया घर, अपार्टमेंट या व्यवसायिक भवन बनाया जाता है, तो उसमें CCTV कैमरा लगाना अनिवार्य होगा। बिना कैमरा लगाए अब भवन का नक्शा पास नहीं किया जाएगा। यह नियम पटना शहरी क्षेत्र के सभी निजी आवासों, अपार्टमेंट्स और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर समान रूप से लागू होगा।

पटना नगर निगम द्वारा नक्शा पास करने, व्यवसायिक पंजीकरण और होल्डिंग टैक्स के आकलन (असेसमेंट) की प्रक्रिया के दौरान इस शर्त को सख्ती से लागू किया जाएगा। यह कदम शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। इस संबंध में संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। वहीं, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड शहर के विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही जिन थाना या ओपी क्षेत्रों में अब तक कैमरे स्थापित नहीं हैं, वहां तत्काल इंस्टॉलेशन करने का फैसला लिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसके अतिरिक्त नगर निगम ने सुरक्षा के मद्देनज़र निजी भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों से भी अपने-अपने घरों, दुकानों और परिसरों के आसपास CCTV कैमरे लगाने का अनुरोध किया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि संबंधित थाना अपने क्षेत्र के सभी अपार्टमेंट्स की सूची तैयार करे, जिसमें अपार्टमेंट के सचिव या गार्ड प्रभारी का नाम व मोबाइल नंबर दर्ज हो। हालांकि, इसके बदले अपार्टमेंट प्रबंधन को भी थाना का संपर्क विवरण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी आपात या संदिग्ध स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके और खासकर खाली फ्लैटों में हो रही चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। ये सभी प्रस्ताव विभाग को भेजे जा चुके हैं और अब केवल अंतिम स्वीकृति का इंतजार है।

Share This Article