जॉब अलर्ट: बक्सर में एयर होस्टेस के 30 पदों पर एक दिन में होगी भर्ती…

Ritu Raj

बक्सर के बेरोजगार युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए रोजगार की दिशा में एक अच्छी पहल सामने आई है। जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से 16 दिसंबर 2025 को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब कैंप संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में लगाया जाएगा, जहां चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को सीधे रोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

दरअसल, इस जॉब कैंप में पटना स्थित Flywide Aviation Academy हिस्सा ले रही है, जहां एयर होस्टेस (केवल महिला अभ्यर्थियों) के कुल 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 17 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 26 वर्ष तय की गई है, जबकि शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना जरूरी है। वहीं, चयनित उम्मीदवारों को पहले 6 माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उनकी नियुक्ति की जाएगी। जॉब कैंप के दौरान अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर ऑन-स्पॉट चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जिन उम्मीदवारों का निबंधन अब तक नहीं हुआ है, वे नेशनल कैरियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, जॉब कैंप में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को कैंप के दिन अपना बायोडाटा और आधार कार्ड साथ लाना होगा। नियुक्ति से जुड़ी सभी शर्तें और नियम संबंधित नियोजक कंपनी द्वारा तय किए जाएंगे, जबकि इस पूरी प्रक्रिया में जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी। गौरतलब है कि यह जॉब कैंप सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं, विशेषकर युवतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।

Share This Article