सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की सियासी गतिविधियां एक नई दिशा में जा रही हैं। एक ओर जहां उनकी पत्नी स्नेहलता विधायक बन चुकी हैं, वहीं उनके बेटे दीपक प्रकाश को बिना किसी विधानसभा या लोकसभा सदस्यता के मंत्री बनाया गया है, वहीं अब उपेंद्र कुशवाहा अपनी बहू साक्षी मिश्रा को भी सियासत में बड़ा मौका देने की योजना बना रहे हैं। खबरों के मुताबिक, साक्षी मिश्रा को राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष पद की रिक्ति को उपेंद्र कुशवाहा अपनी बहू साक्षी मिश्रा से भरने की सोच रहे हैं। यह रिक्ति तब हुई थी जब पार्टी के नेता माधव आनंद विधायक बने। खबरें ये भी हैं कि उपेंद्र कुशवाहा ने साक्षी मिश्रा के नाम का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है।
साक्षी मिश्रा, जो यूपी के रिटायर्ड IAS अधिकारी एसएन मिश्रा की बेटी हैं, पिछले कुछ वर्षों से सार्वजनिक रूप से सक्रिय रही हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी के लिए प्रचार किया था और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभाई थी। उनका राजनीतिक सामर्थ्य धीरे-धीरे साकार हो रहा है और अब वह रालोमो के सियासी दंगल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार हैं।
साक्षी की शादी दीपक प्रकाश से हुई थी, जो उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं। दीपक ने भी पिता के साथ उनकी पार्टी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। अब, साक्षी मिश्रा की सियासी एंट्री से पार्टी में एक नया उत्साह देखने को मिल सकता है। कुशवाहा परिवार की बढ़ती सियासी ताकत से राष्ट्रीय लोक मोर्चा में हलचल मच सकती है। साक्षी की नियुक्ति को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि इस विषय पर औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।