पटना सिविल कोर्ट टारगेट पर! बम धमकी से अधिकारियों में हड़कंप

Ritu Raj

राजधानी पटना से एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, मिली जानकारी के अनुसार, ई-मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही यह मेल अधिकारियों को मिला, तुरंत पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है। कोर्ट में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। पूरे कोर्ट परिसर को सील कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह के संदिग्ध सामान या विस्फोटक को समय रहते बरामद किया जा सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पटना सिविल कोर्ट को ऐसी धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि हर बार जांच में धमकी फर्जी ही पाई गई है। बावजूद इसके, प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है और हर पहलू से जांच की जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले की पुष्टि टाउन डीएसपी ने की है। उन्होंने बताया कि ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना मिली है और सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, धमकी भेजने वाले ई-मेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से और किसने भेजा है।

Share This Article