भोजपुरी जगत में महासंग्राम: “मेरे बाप मत बनिए…”, रवि किशन पर क्यों बुरी तरह भड़के खेसारी लाल यादव?

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुरी सिनेमा के दो दिग्गज कलाकार, रवि किशन और खेसारी लाल यादव के बीच की तल्खी अब एक नए चरम पर पहुँच गई है। जो विवाद कभी चुनाव प्रचार के दौरान सियासी बयानों तक सीमित था, वह अब व्यक्तिगत छींटाकशी और “बाप” तक पहुँच गया है। हाल ही में गोरखपुर महोत्सव में रवि किशन द्वारा दिए गए एक बयान ने इस आग में घी डालने का काम किया है, जिसके जवाब में खेसारी लाल यादव ने बेहद तीखे तेवर दिखाए हैं।

विवाद की जड़: गोरखपुर महोत्सव का वो मंच
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब गोरखपुर महोत्सव के एक कार्यक्रम में सांसद और अभिनेता रवि किशन, सुपरस्टार पवन सिंह के साथ मंच साझा कर रहे थे। बातों-बातों में रवि किशन ने बिना नाम लिए खेसारी पर तंज कसते हुए कहा, “जब किसी की थोड़ी पिक्चर चल जाती है या गला चल जाता है (गाना हिट हो जाता है), तो लोग टेढ़ा चलने लगते हैं। पहले कोई दोनों पैर छूता था, फिर एक पैर पर आया, फिर कोहनी छूने लगा… आगे का मैं नहीं बोलूंगा।” रवि किशन की इस बात पर मंच पर मौजूद पवन सिंह ठहाके मारकर हंसने लगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

खेसारी का पलटवार: “मेरे पिता मंगरू यादव हैं”
रवि किशन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खेसारी लाल यादव के सब्र का बांध टूट गया। खेसारी ने एक सार्वजनिक मंच से रवि किशन की नकल उतारते हुए उन्हें करारा जवाब दिया। खेसारी ने कहा, “शुक्र मनाइए कि आपका सम्मान करने वाला कम से कम आपका भाई है। आज के दौर में तो बेटा अपने बाप का पैर नहीं छूता। मुझे पैदा करने वाले का नाम श्री मंगरू यादव है, तो आप मेरे बाप बनने की कोशिश मत करिए।” खेसारी ने साफ किया कि वह सम्मान देना जानते हैं, लेकिन इसका मतलब यह कटई नहीं है कि कोई उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाए। उन्होंने रवि किशन को नसीहत देते हुए कहा कि बड़ा होने का मतलब अहंकार पालना नहीं होता।

चुनाव से शुरू हुई थी तनातनी
आपको बता दें कि यह विवाद पुराना है। बिहार चुनाव के दौरान खेसारी लाल यादव ने राजद (RJD) के पक्ष में प्रचार किया था, जबकि रवि किशन भाजपा (BJP) के बड़े चेहरा हैं। चुनावी रैलियों में दोनों के बीच जमकर शब्दबाण चले थे। चुनाव खत्म होने के बाद उम्मीद थी कि मामला शांत हो जाएगा, लेकिन गोरखपुर की घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि भोजपुरी इंडस्ट्री के भीतर की गुटबाजी और ईगो की जंग अभी खत्म होने वाली नहीं है।

खेसारी इससे पहले भी पवन सिंह की ‘नशे वाली एक्टिंग’ की नकल उतारकर विवादों में रह चुके हैं। फिलहाल, भोजपुरी फैंस के बीच यह बहस छिड़ गई है कि क्या सीनियर कलाकारों को इस तरह की बयानबाजी शोभा देती है? अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि रवि किशन इस “बाप” वाले बयान पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

Share This Article