मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल पाए थे, क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। उस मैच में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव ने संभाली, लेकिन मुंबई को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने बताया था कि हार्दिक पूरी तरह फिट नहीं थे, इसलिए उन्हें आराम दिया गया। टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था, खासकर जब टूर्नामेंट अभी शुरुआती दौर में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक की हालत गंभीर नहीं है और उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे। संभावना है कि वह 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले मैच में खेलते नजर आएं।

मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें एक में जीत और एक में हार मिली है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 2 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। अब मुंबई का अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से है, जो शानदार फॉर्म में चल रही है। रियान पराग की कप्तानी में टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर मजबूत शुरुआत की है। ऐसे में यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।