भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला इन दिनों चर्चा में है और कोर्ट में इसकी सुनवाई जारी है। हाल ही में पवन सिंह ने साफ कहा कि वह ज्योति के साथ अब नहीं रहना चाहते।

पवन के इस बयान के बाद ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव दिख रही हैं। उन्होंने हाल ही में लाल साड़ी और सिंदूर में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने दर्द को शब्दों में बयां किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि वह प्यार में पूरी तरह टूट चुकी हैं और अपनी जिंदगी के इस मुश्किल दौर में अपने मुद्दों पर भी ध्यान देने की बात कही। इस वीडियो के बैकग्राउंड में राजनीति फिल्म का गाना “मोरा पिया मोसे बोलत नाही…” बज रहा था, जो उनकी भावनाओं को और गहरा करता है। इससे पहले भी उन्होंने एक और वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह एक दर्द भरा गीत गाती नजर आईं। इस गाने को उन्होंने अपने पति का बताया, जबकि असल में यह गाना खेसारी लाल यादव का है।

इस बात पर ट्रोल होने के बाद ज्योति सिंह ने सफाई देते हुए माफी मांगी और कहा कि उन्हें गाने के बारे में सही जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, कलाकार कोई भी हो, गाना तो गाना ही होता है। वहीं दूसरी ओर, पवन सिंह का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि अगर तलाक हो जाता तो बेहतर होता। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि उन्हें खुद में कुछ सुधार करने की जरूरत है।