बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक महेश भट्ट के घर से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आलिया भट्ट की बड़ी बहन और लेखिका शाहीन भट्ट ने अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड ईशान मेहरा के साथ सगाई कर ली है। शाहीन ने सोशल मीडिया पर सगाई की दिलकश तस्वीरें साझा कर अपने इस नए सफर का एलान किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें;
शाहीन ने इंस्टाग्राम पर कई अनसीन फोटोज शेयर की हैं, जिनमें वह ईशान के साथ बेहद खुश नजर आ रही हैं। एक खास फोटो में शाहीन अपनी डायमंड रिंग फ्लॉन्ट करती दिख रही हैं, वहीं दूसरी तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री फैंस का दिल जीत रही है। तस्वीरों को पोस्ट करते हुए शाहीन ने मजाकिया अंदाज में कैप्शन दिया- “शायद हमने एक-दूसरे को पसंद करने की बात कुछ ज्यादा ही कर दी।”

सेलेब्स और परिवार ने लुटाया प्यार;
शाहीन की इस पोस्ट पर बॉलीवुड सितारों का तांता लग गया है। बहन आलिया भट्ट ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “अपने प्यार से तुम्हें स्पैम कर रही हूँ।” वहीं अनन्या पांडे, नव्या नंदा, अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा जैसे सितारों ने भी इस जोड़े को ढेर सारी बधाइयां दी हैं।

कौन हैं ईशान मेहरा?
अगर आप सोच रहे हैं कि शाहीन के मंगेतर ईशान कौन हैं, तो आपको बता दें कि ईशान एक पूर्व इंटरनेशनल स्विमर और एथलीट रहे हैं। वर्तमान में वह मुंबई में एक सफल फिटनेस कोच और पर्सनल ट्रेनर के रूप में काम कर रहे हैं। शाहीन ने पिछले साल ईशान के जन्मदिन पर एक पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था। शाहीन और ईशान की इन तस्वीरों ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। अब फैंस को इंतजार है तो बस इस बात का कि भट्ट परिवार अपनी इस लाडली की शादी की तारीख का खुलासा कब करता है।