चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।

टीम के अनुसार, 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान बल्लेबाजी करते समय म्हात्रे के बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। इस चोट से उबरने में उन्हें करीब 6 से 8 हफ्तों का समय लगेगा, जिसके चलते वह टूर्नामेंट के बाकी मैच नहीं खेल पाएंगे। म्हात्रे का बाहर होना चेन्नई के लिए और मुश्किलें बढ़ाने वाला है, क्योंकि टीम पहले ही संघर्ष कर रही है। 6 मैचों में से सिर्फ 2 जीत के साथ टीम को 4 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में उनके प्रमुख बल्लेबाज का बाहर होना बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

इस सीजन में म्हात्रे शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 6 मैचों की 6 पारियों में 33.50 की औसत और 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 73 रन रहा। वह अब तक टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि संजू सैमसन 192 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अगर उनके आईपीएल करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने 2025 सीजन में डेब्यू किया था और तब से चेन्नई का हिस्सा हैं। अब तक खेले गए 13 मैचों में उन्होंने 33.92 की औसत और 183.75 के स्ट्राइक रेट से 441 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 3 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 94 रन रहा है।