सिटी पोस्ट लाइव : गुरुवार को आसमान में बादल मंडराते दिखे तो लगा कि सावन महीने में जमकर बारिश होगी. लेकिन अचानक धूप ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया. शुक्रवार को भागलपुर को छोड़कर पूरे बिहार में कहीं भी बारिश रिकार्ड नहीं की गई. आज यानी शनिवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है.पिछले साल की तुलना में बिहार में मॉनसून ने पहले एंट्री ली. उम्मीद लगाई गई कि इस साल अच्छी बारिश होने वाली है, लेकिन अब तक यह उम्मीद टूटती नजर आ रही है.
बिहार में अब तक 53 फीसदी कम बारिश हुई है. गया को छोड़कर बिहार के किसी भी जिले में सामान्य या उससे अधिक बारिश नहीं हुई है. 20 जिले तो ऐसे हैं जहां बारिश की कमी 50 से 90 फीसदी तक है. इसमें उत्तर बिहार के ज्यादातर हिस्से हैं. इसमें पटना, अरवल, भोजपुर, बेगूसराय, खगड़िया सहित कई जिले शामिल हैं. सबसे अधिक वर्षा की कमी सहरसा में है.आज शनिवार को मौसम का मिजाज शुष्क ही रहेगा. दिन में धूप और बादलों के बीच आवाजाही देखने को मिलेगी. तापमान में बढ़ोतरी का आसार है. कुछ जिलों में हल्की बूंदाबादी होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार अच्छी बारिश के लिए अभी इंतजार करना होगा.12 से16 जुलाई के बीच अच्छी बारिश की संभावना नहीं है. 15 और 16 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. फिर उसके बाद बारिश की संभावना घट जायेगी. अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है. सुबह में आद्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है.