सिटी पोस्ट लाइव : बेगूसराय जिले के बखरी विधान सभा क्षेत्र से भाकपा विधायक सूर्यकांत पासवान के साथ एक लड़की के दो अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो को विधायक ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है. इस मामले में विधायक ने एससी/एसटी थाने में शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि यह वीडियो एडिटेड है. विधायक ने कहा कि बखरी डीएसपी के खिलाफ शराब माफिया से साठगांठ और शराब तस्करी को संरक्षण देने की शिकायत उन्होंने डीजीपी से की थी.
विधायक ने आरोप लगाया कि इसी जांच के कारण बखरी डीएसपी के इशारे पर भाजपा नेताओं द्वारा यह एडिटेड वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने का घिनौना प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि हाल के दिनों में उन्होंने कई प्रेस वार्ताओं में बखरी डीएसपी कुंदन कुमार पर शराब माफिया को संरक्षण देने और शराब तस्करी में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने का आरोप लगाया था. इसमें उन्होंने भाजपा के एक युवा नेता को डीएसपी का मुख्य दलाल बताया था. विधायक ने कहा कि कुछ समय पहले एक पिकअप वैन पर विदेशी शराब लदे होने की सूचना पर डीएसपी ने छापेमारी की थी, जिसमें बखरी थाने के तीन टाइगर मोबाइल सिपाहियों को शराब तस्करों से मिलीभगत के आरोप में जेल भेजा गया था.
विधायक का आरोप है कि न तो पिकअप वैन बरामद हुई और न ही शराब. उन्होंने बखरी डीएसपी के सरकारी और निजी मोबाइल फोन की जांच तथा उनके घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग लगातार उठाई थी. विधायक ने कहा कि डीजीपी द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद भाजपा नेताओं की मिलीभगत से उनके चरित्र हनन के लिए यह एडिटेड वीडियो प्रसारित किया जा रहा है. उन्होंने इस मामले में एससी/एसटी थाने में शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.