सिटी पोस्ट लाइव
मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एक धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इस मैसेज में अनंत चतुर्दशी (6 सितंबर) के दिन पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा मुंबई में जगह-जगह बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। यह धमकी भरा संदेश मुंबई पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर प्राप्त हुआ था।
संदेश में दावा किया गया है कि मुंबई में 34 वाहनों में मानव बम लगाए गए हैं और विस्फोट के बाद पूरा शहर “दहल जाएगा”। पुलिस के अनुसार, मैसेज भेजने वाले ने खुद को “लश्कर-ए-जिहादी” बताया है और दावा किया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं। धमकी में 400 किलोग्राम आरडीएक्स के विस्फोट की भी बात कही गई है, जिससे “एक करोड़ लोग” मारे जा सकते हैं।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह धमकी एक ‘होक्स’ (झूठी) लग रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच सभी कोणों से की जा रही है और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
यह धमकी भरा मैसेज ऐसे समय में आया है, जब मुंबई में 10 दिनों से चल रहे गणेश उत्सव का समापन होने वाला है। शनिवार को अनंत चतुर्दशी के दिन लाखों लोग मूर्तियों के विसर्जन के लिए सड़कों पर उतरने वाले हैं, जिसके लिए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विभिन्न जगहों पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने मुंबईवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
अनंत चतुर्दशी के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इस बार, पुलिस मार्ग प्रबंधन और अन्य यातायात-संबंधी अपडेट के लिए पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करेगी। तैनाती में 12 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 40 उपायुक्त, 61 सहायक आयुक्त, 3,000 अधिकारी और 18,000 पुलिसकर्मी शामिल होंगे।
हाल के दिनों में मुंबई और ठाणे में कई झूठी धमकी भरे संदेश मिले हैं। इसी सप्ताह की शुरुआत में, ठाणे में एक 43 वर्षीय व्यक्ति को रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में गहन तलाशी के बाद यह धमकी भी झूठी निकली। आरोपी, रुपेश मधुकर रणपिसे ने 1 सितंबर को पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर दावा किया था कि उसने कालवा रेलवे स्टेशन पर बम लगाया है। तलाशी के बाद रणपिसे को पकड़ लिया गया, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था।
जुलाई के आखिरी सप्ताह में भी, मुंबई पुलिस को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम विस्फोट की चेतावनी देने वाला एक और धमकी भरा कॉल आया था, जिसके बाद एक बड़ा तलाशी अभियान और सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए थे। ये कॉल तीन अलग-अलग नंबरों से किए गए थे, लेकिन घंटों की तलाशी के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
जनवरी में, मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा क्षेत्र के कई स्कूलों को एक ईमेल मिला था जिसमें बम की मौजूदगी की धमकी दी गई थी। ईमेल में दावा किया गया था कि “अफजल गैंग” नामक एक समूह ने बम लगाया था। हालांकि, तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में इसे भी एक झूठा संदेश बताया गया।