बिहार की राजनीति में इन दिनों ‘खैनी’ (तंबाकू) पर घमासान छिड़ा हुआ है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसे लेकर विपक्षी दल राजद (RJD) और कांग्रेस उन पर हमलावर हैं। बिहार विधानसभा की कार्यवाही का एक छोटा सा हिस्सा अब राजनीतिक अखाड़ा बन चुका है। वायरल क्लिप में सम्राट चौधरी अपने हाथों को एक खास अंदाज में मलते हुए और फिर चेहरे के पास ले जाते दिख रहे हैं। इसी हाव-भाव को आधार बनाकर विपक्ष ने उन पर सदन के भीतर खैनी खाने का आरोप जड़ दिया है।

विपक्ष इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहता और सोशल मीडिया पर जमकर ‘मौज’ ले रहा है। वहीं, अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए आरजेडी ने इसे “सदन में खैनी खाने की निंजा तकनीक” करार दिया। कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़ते हुए वीडियो के पीछे लोकप्रिय भोजपुरी गाना ‘बनावो खैनी रे…’ लगा दिया, जो सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है। सत्ताधारी खेमे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ओछी राजनीति बताया है। BJP प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा का कहना है कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे हताशा में इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं। JDU प्रवक्ता अरविंद निषाद ने इसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की विपक्षी साजिश करार दिया।
हालांकि वीडियो में सम्राट चौधरी के हाथ की हरकतें पारंपरिक तरीके से खैनी बनाने जैसी दिख रही हैं, लेकिन कैमरे में स्पष्ट रूप से कोई तंबाकू या खैनी नजर नहीं आ रही है। यह कहना मुश्किल है कि वे वास्तव में खैनी खा रहे थे या यह सिर्फ उनके बैठने का एक सहज अंदाज था। वहीं, आम जनता के बीच भी यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बता रहे हैं, तो कुछ इसे बिहार की सहज संस्कृति से जोड़कर देख रहे हैं।बहरहाल, बिना किसी स्पष्ट प्रमाण के यह मामला फिलहाल ‘आरोप-प्रत्यारोप’ के गलियारों तक ही सीमित है।