भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने अपने पद पर बने रहने की इच्छा जताई है। उन्होंने बोर्ड से अपने कॉन्ट्रैक्ट को 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक बढ़ाने का अनुरोध किया है।
अब तक का सफर और उपलब्धियां;
अगकर के नेतृत्व में भारतीय चयन समिति ने हाल के वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है। जुलाई 2023 में पद संभालने के बाद से उनके कार्यकाल को सफल माना जा रहा है। इस दौरान भारतीय टीम ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए। बोर्ड ने आईपीएल 2025 से पहले ही उनके कार्यकाल को बढ़ाकर जून 2026 तक कर दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुँची और टी-20 वर्ल्ड कप में भी सफलतापूर्वक प्रदर्शन करते हुए खिताब की रक्षा की। खिलाड़ी के रूप में अगरकर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड रहा है, जहाँ उन्होंने कुल 349 विकेट लिए हैं। इनमें 288 वनडे, 58 टेस्ट और 3 टी-20 विकेट शामिल हैं।
BCCI के सामने चुनौती;
फिलहाल बोर्ड के पास मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए अगरकर जैसा कोई दूसरा मजबूत विकल्प नजर नहीं आ रहा है। आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए चयन प्रक्रिया में निरंतरता बनाए रखना बीसीसीआई के लिए प्राथमिकता हो सकती है। अब गेंद बीसीसीआई के पाले में है कि वह इस एक्सटेंशन को मंजूरी देता है या नहीं।