भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और एशिया कप 2025 के हीरो तिलक वर्मा अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण आगामी न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हो गए हैं। राजकोट में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान उनके शरीर के निचले हिस्से में उठे तेज दर्द के बाद डॉक्टरों को उनकी इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी की सुबह राजकोट में नाश्ता करने के बाद तिलक को अचानक असहनीय दर्द महसूस हुआ। उन्हें तुरंत स्थानीय गोकुल अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच और स्कैन में ‘टेस्टिकुलर टॉर्शन’ (Testicular Torsion) की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी का फैसला लिया। बीसीसीआई (BCCI) के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि तिलक की सर्जरी सफल रही है और उनकी स्थिति अब स्थिर है।

वर्ल्ड कप अभियान को लग सकता है झटका:
तिलक वर्मा का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ी चिंता का विषय है, क्योंकि:
– न्यूजीलैंड सीरीज: वह 21 जनवरी से शुरू होने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
– टी-20 वर्ल्ड कप 2026: वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। भारत अपना पहला मैच यूएसए (USA) के खिलाफ वानखेड़े में खेलेगा।
– फिटनेस पर सवाल: सर्जरी के कारण तिलक वर्ल्ड कप के शुरुआती एक-दो मैचों से भी बाहर रह सकते हैं।

दरअसल, तिलक वर्मा ने एशिया कप 2025 के फाइनल में नाबाद 69 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर भारत को चैंपियन बनाया था। चूंकि न्यूजीलैंड सीरीज के लिए चुनी गई टीम ही वर्ल्ड कप में उतरने वाली है, ऐसे में तिलक की अनुपस्थिति टीम के मध्यक्रम का समीकरण बिगाड़ सकती है। इसे लेकर BCCI ने कहा है कि “मेडिकल पैनल तिलक की रिकवरी पर बारीकी से नजर रख रहा है। मैदान पर उनकी वापसी कब होगी, इस पर आधिकारिक जानकारी रिकवरी प्रोसेस को देखने के बाद ही साझा की जाएगी।”