इंडिया को बड़ा झटका, शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर…

Ritu Raj

साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से भारतीय कप्तान शुभमन गिल बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत टीम की कमान संभालेंगे। गिल का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासतौर पर क्योंकि भारत को कोलकाता में पहला टेस्ट पहले ही गंवाना पड़ा है।

22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी में होने वाला दूसरा टेस्ट टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा था। लेकिन कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन गिल की गर्दन में खिंचाव आ जाने के बाद हालात बदल गए। 15 नवंबर को दर्द बढ़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक दिन डॉक्टरों की निगरानी में रखने के बाद 16 नवंबर को छुट्टी दे दी गई। BCCI ने बुधवार को जारी अपडेट में बताया था कि गिल तेजी से ठीक हो रहे हैं और 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां मेडिकल टीम उनकी फिटनेस की मॉनिटरिंग करेगी। वहीं, कोलकाता टेस्ट में गिल बल्लेबाजी के दौरान स्वीप खेलते समय असहज महसूस करने लगे और फिजियो की मदद से मैदान छोड़ना पड़ा। वे सिर्फ 4 रन बनाकर लौटे और जांच के लिए अस्पताल भेजे गए, जहां उन्हें गर्दन में ब्रेस के साथ देखा गया। उनकी यही चोट अब दूसरे टेस्ट से बाहर होने की बड़ी वजह बन गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, शुभमन गिल गुवाहाटी टेस्ट से बाहर रहते हैं, तो टीम की अगुवाई उपकप्तान ऋषभ पंत ही करेंगे, जैसा कि कोलकाता टेस्ट में गिल के बीच में बाहर होने के बाद हुआ था। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में साई सुदर्शन या नीतीश रेड्डी को शामिल किए जाने की संभावना है। सुदर्शन ईडन गार्डन्स में हुए टीम के ऑप्शनल ट्रेनिंग सेशन में सक्रिय रूप से अभ्यास करते दिखे, जबकि ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, रवींद्र जडेजा और देवदत्त पडिक्कल भी नेट्स में उतरे। दूसरी ओर, नीतीश रेड्डी 18 नवंबर को टीम से जुड़ चुके हैं।

Share This Article