बड़ी खबर: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बिहार के 5 जिलों की चमकेगी किस्मत, उत्कृष्ट सेवा के लिए अफसरों को सम्मान…

Ritu Raj

राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 पर बिहार ने एक बार फिर कमाल दिखाया है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने राज्य के शानदार चुनाव प्रबंधन, मतदाताओं में जागरूकता फैलाने वाले अभियानों और कई नवाचारी कदमों की जमकर सराहना की है। इस विशेष अवसर पर बिहार के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पांच जिलों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा हुई है।

पटना से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) पर आयोजित कार्यक्रमों में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) विनोद सिंह गुंजियाल (आईएएस) को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, तत्कालीन अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) एवं राज्य पुलिस नोडल अधिकारी कुंदन कृष्णन (आईपीएस) तथा आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं निर्वाचन नोडल अधिकारी मानवजीत ढिल्लों (आईपीएस) को भी प्रभावी समन्वय और नेतृत्व के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा, श्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार (Best Election District Award) के लिए बिहार के पांच जिलों का चयन हुआ है— पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, पटना, समस्तीपुर और मधुबनी। इन जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन, नवाचारपूर्ण पहलों और मतदाता भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों के लिए सम्मान मिलेगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बता दें कि एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि यह कि बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की सोशल मीडिया टीम को बेस्ट सोशल मीडिया टीम पुरस्कार से नवाजा जाएगा। तत्कालीन सोशल मीडिया नोडल अधिकारी कपिल शर्मा इस पुरस्कार के प्राप्तकर्ता के रूप में नामित हैं। टीम ने विशेष रूप से गहन पुनरीक्षण अभियान और बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान सोशल मीडिया पर सही, समयबद्ध और प्रामाणिक जानकारी पहुंचाई। साथ ही, फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं का त्वरित खंडन किया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और मतदाता-केंद्रित बनी। दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार के इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल के रूप में सराहा है। यह सम्मान राज्य के मजबूत चुनाव प्रबंधन, नवाचार आधारित संचार रणनीति और उच्च मतदाता जागरूकता अभियानों की मान्यता है। बिहार के लिए यह न केवल गर्व की बात है, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेगा।

Share This Article