बिहार के 30 सांसदों ने पीएम मोदी से की मुलाकात, मिथिलांचल के मखाना पर जताया आभार

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार के 30 सांसदों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और खासकर मिथिलांचल के मखाना को लेकर केंद्रीय बजट में किए गए फैसलों पर आभार प्रकट किया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, चिराग पासवान, गोपाल जी ठाकुर, गिरिराज सिंह सहित भाजपा और जदयू के कई सांसद मौजूद थे। सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मिथिला पेंटिंग से सम्मानित किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस मुलाकात के दौरान बिहार एनडीए के सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी से अपनी-अपनी राज्य की सांस्कृतिक वस्तुएं और प्रतीक भेंट किए। जहां जेडीयू के वरिष्ठ सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पीएम मोदी को मंत्रालय का बुकलेट भेंट किया, वहीं बीजेपी के दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने पीएम मोदी को मधुबनी पेंटिंग, पाग और शॉल भेंट किए। जेडीयू सांसद लवली आनंद ने पीएम मोदी को पुष्प गुच्छ भी भेंट किया।

दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद बताया कि उन्होंने केंद्रीय बजट में बिहार और विशेष रूप से मिथिला क्षेत्र को जो प्राथमिकता दी है, उसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह जनकल्याण और जन आकांक्षाओं को समर्पित बजट मिथिला क्षेत्र के लिए एक वरदान साबित होगा।” सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि इस मुलाकात में बिहार एनडीए के सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी को मिथिला परंपरा के अनुसार सम्मानित किया।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने बजट में बिहार, खासकर मिथिला क्षेत्र के लिए विशेष ध्यान दिया है, जिसमें मखाना बोर्ड की स्थापना और पश्चिम कोसी नहर परियोजना को आर्थिक सहायता देने की योजना शामिल है। उन्होंने आगे कहा, “इस बार के बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग और वृद्धों सभी का ध्यान रखा गया है। यह बजट सभी वर्गों के लिए समर्पित है और हर क्षेत्र में ताकत दी गई है।” यह मुलाकात एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश भी है, जिसमें एनडीए ने अपनी एकजुटता और बिहार के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया है।

Share This Article