ठिठुरता बिहार: सर्द हवाओं और घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, कक्षा 8 तक की पढ़ाई स्थगित…

Ritu Raj

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर बिहार में साफ दिख रहा है। पटना समेत पूरे राज्य में 12–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 10 जिलों में हल्के कोहरे को लेकर यलो अलर्ट घोषित किया गया है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार हैं, ऐसे में अगले दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कोहरे का असर यातायात पर भी दिखा। रविवार को पटना से दो फ्लाइट रद्द रहीं, 14 फ्लाइटें लेट हुईं और 16 ट्रेनें देरी से चलीं। अधिकांश जिलों में धूप नहीं निकली। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा मुजफ्फरपुर रहा, जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ 1.7 डिग्री का अंतर रहा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, ठंड और कोहरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भागलपुर में 8 जनवरी तक, मुजफ्फरपुर, औरंगाबाद और मधुबनी में 7 जनवरी तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। नालंदा और बक्सर में भी 8 जनवरी तक स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया है। राजधानी पटना में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। सोमवार को पटना समेत 20 जिलों में घना कुहासा छाने के आसार हैं, हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है।

Share This Article