सिटी पोस्ट लाइव
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक भीषण रेल हादसा हो गया। लाल खदान के पास, बिलासपुर स्टेशन से महज़ पाँच किलोमीटर पहले, एक पैसेंजर ट्रेन के मालगाड़ी पर चढ़ जाने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। रायगढ़ से आ रही कोरबा पैसेंजर ट्रेन ने आगे चल रही मालगाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे पैसेंजर ट्रेन की महिला बोगी और गार्ड की बोगी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें महिला और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, इस दुर्घटना में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि अभी भी कई लोग बोगी के मलबे में फंसे हुए हैं।
युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी:
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे के तमाम बड़े अधिकारी और स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्य का जायजा ले रहे हैं।
टक्कर के बाद पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर (डिरेल) गए हैं। चूंकि बोगी में कई लोग फंसे हुए थे, इसलिए उन्हें निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है और बोगी को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। बिलासपुर सीपीआरओ ने पुष्टि की है कि अभी भी दो लोग फंसे हुए हैं, जिनमें लोको पायलट भी केबिन में फंसा है।
घायलों को तत्काल प्रभाव से बिलासपुर के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ सकती हैं, इसलिए प्रशासन युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है और बिलासपुर के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे ट्रैक बाधित, हेल्पलाइन नंबर जारी:
इस भीषण टक्कर के कारण बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर ट्रेन की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है। रेलवे अब डिरेल कोचों को ट्रैक से हटाने का कार्य कर रहा है। रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर कॉल करके हादसे से संबंधित जानकारी ली जा सकती है: बिलासपुर स्टेशन: 7777857335 और 786995330
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बिलासपुर कलेक्टर से बात की और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए भी घटनास्थल के हालात का जायजा लिया है।
रेलवे ने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को पांच-पांच लाख रुपये और सामान्य घायलों को भी मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और यात्रियों के परिजन भी पहुंच रहे हैं, जिससे मंजर और भी ज्यादा भयावह हो गया है।