सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा दोबारा कराए जाने को लेकर अभ्यर्थियों की याचिका पर अब सोमवार को पटना हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। अभ्यर्थियों की ओर से वरिष्ठ वकील वाई वी गिरी ने न्यायाधीश एस.के. चंदेल के समक्ष जल्द सुनवाई की गुहार लगाई, जिस पर न्यायाधीश ने सहमति जताते हुए सोमवार को मामले की सुनवाई तय की है। पिछले कई दिनों से केस की सुनवाई नहीं हो रही थी, क्योंकि मामला लगातार सूची में नीचे खिसकता जा रहा था। अब, सोमवार को सुनवाई की संभावना बढ़ने से अभ्यर्थियों के बीच उम्मीद की किरण जाग उठी है।
पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील वाई वी गिरी ने कहा,”हमने माननीय न्यायाधीश से आग्रह किया है कि चूंकि यह याचिका अभ्यर्थियों द्वारा दायर की गई है, इसलिए मामले की शीघ्र सुनवाई कर इसे समाप्त किया जाए।” अभ्यर्थियों के लिए यह सुनवाई बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके परिणामस्वरूप बीपीएससी परीक्षा के भविष्य पर निर्णय लिया जाएगा। सत्याग्रही अभ्यर्थियों की उम्मीदें अब सोमवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां न्याय की उम्मीदों को नया मोड़ मिल सकता है। अब देखना होगा बीपीएससी अभ्यर्थियों को सोमवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।