मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुलिस नियुक्ति पत्र समारोह में संबोधन: महिला आरक्षण और तेजी से भर्ती पर दिया जोर

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण अवसर पर नव नियुक्त सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में पुलिस बल को सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2005 में जब उन्होंने सत्ता संभाली, तब राज्य में पुलिस बल की स्थिति बेहद कमजोर थी। उस समय पुलिस की स्वीकृत संख्या 51,000 थी, लेकिन कार्यरत मात्र 42,481 कर्मी थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने पुलिस बल की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया और अब यह संख्या 1,10,000 तक पहुंच गई है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में 2,29,000 पुलिसकर्मियों की जरूरत है और इसके लिए तेज़ी से भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों का भी ज़िक्र किया और बताया कि वर्ष 2013 में ही बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में महिलाओं को 35% आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि महिला सिपाही पूरे समर्पण और निष्ठा से काम कर रही हैं, और उनके योगदान की वे सराहना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से अपील की कि लंबित 22,000 पदों की भी शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा, “मेरी इच्छा है कि इसमें और तेजी लाई जाए।” डीजीपी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में और देर नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने समारोह के अंत में सभी नियुक्त सिपाहियों को मुस्कराते हुए बधाई दी और कहा कि वे पूरी निष्ठा से राज्य की सेवा करें।

Share This Article