सिटी पोस्ट लाइव
पटना लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला किया है। उन्होंने मंगलवार को एक ट्वीट कर बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।”

चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में हाल ही में बिहार शरीफ (नालंदा) में हुई एक दर्दनाक घटना का हवाला दिया, जहां अपराधियों ने 16 वर्षीय हिमांशु पासवान और 20 वर्षीय अनु कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया और कहा कि यह न सिर्फ एक जघन्य अपराध है, बल्कि यह साबित करता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।
अपने ट्वीट में चिराग ने कहा, “प्रदेश में अपराध चरम पर है और मुख्यमंत्री जी के राज में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।” उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि आखिर आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? चिराग पासवान के इस बयान से एक बार फिर बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार राज्य सरकार को घेरते आ रहे हैं, और अब चिराग के इस तीखे हमले ने राजनीतिक पारा और चढ़ा दिया है।