सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपनी प्रगति यात्रा के तहत बक्सर जिले का दौरा करेंगे। वह सुबह 10:00 बजे पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से बक्सर के लिए रवाना होंगे, जहां वह जिले को करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री बक्सर पहुंचने के बाद विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह कई अहम घोषणाएं करेंगे, जिनमें नए कॉलेजों की स्थापना और अन्य बुनियादी विकास कार्यों का ऐलान भी शामिल है।
मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और स्कूली छात्रों से मिलकर उनकी जरूरतों और पढ़ाई के अनुभवों को समझेंगे। इसके साथ ही, वह जीविका दीदियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे और उनसे संवाद स्थापित कर उनके सशक्तिकरण को और मजबूती देने की बात करेंगे। नीतीश कुमार बक्सर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की स्वयं समीक्षा करेंगे और स्थलों का ऑन स्पॉट निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, जिससे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री बक्सर के समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल होंगे, जहां जिलाधिकारी उन्हें जिले में चल रही विकास योजनाओं की संपूर्ण जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री सभी जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और कई मुद्दों का तत्काल ऑन स्पॉट समाधान करेंगे। दिनभर की इस व्यस्त यात्रा के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम को पटना लौट आएंगे।