सिटी पोस्ट लाइव
आरा। बिहार में राष्ट्रगान के अपमान को लेकर विवाद गहरा गया है। आरा के अंबेडकर चौक पर राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया और उनकी इस्तीफे की मांग की। यह विवाद तब और बढ़ गया जब पटना में सेपक टकरा विश्व कप के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रगान के समय नीतीश कुमार के असामान्य व्यवहार का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दिख रहा था कि जब राष्ट्रगान बज रहा था, नीतीश कुमार ताली बजाते हुए अधिकारियों से बात कर रहे थे। राजद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री अस्वस्थ थे और राष्ट्रगान के समय उनका ध्यान कहीं और था।

पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे के साथ मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शामिल जिलाध्यक्ष बीरबल यादव ने कहा कि जो राष्ट्रगान का सम्मान नहीं करता, वह सत्ता में बने रहने का हकदार नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से नीतीश कुमार का स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करने की मांग की और कहा कि तेजस्वी यादव ने पहले ही कहा था कि नीतीश कुमार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है, और अब यह सार्वजनिक हो चुका है।

युवा राजद अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने भी नीतीश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस सरकार में दलित और पिछड़े वर्ग के लोग हाशिए पर हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो राष्ट्रगान का अपमान करे, वह मुख्यमंत्री नहीं रह सकता। शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव की भविष्यवाणी सही साबित हो रही है कि नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, और इसका परिणाम बिहार में बढ़ती अपराध दर, महंगाई और बेरोजगारी के रूप में सामने आ रहा है। राजद कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि जब तक वह स्वस्थ नहीं होते, तब तक सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।