राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है। महागठबंधन में अब सीएम फेस और सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने ने कहा कि “5-6 सीटों पर कुछ नेताओं ने उत्साह में आकर नॉमिनेशन कर दिया है, यह बड़ी बात नहीं है।”
महागठबंधन में सीटों को लेकर चल रहे विवाद को लेकर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे मामूली करार दिया है। पटना एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्होंने कहा कि 5-6 सीटों पर कुछ विवाद है, लेकिन यह बड़ी बात नहीं है और एक-दो दिन में सभी भ्रम स्पष्ट हो जाएंगे। गहलोत सीधा राबड़ी आवास पहुंचे, जहां तेजस्वी यादव और लालू यादव के साथ सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा जारी है। कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी बैठक में मौजूद हैं। वहीं, महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि कोई विवाद नहीं है और सभी सवालों का जवाब कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिल जाएगा।
महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर राजनीतिक खींचतान बढ़ती जा रही है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि चुनाव के बाद ही मुख्यमंत्री का फैसला होगा। उनका कहना है कि “कांग्रेस से तो मुख्यमंत्री नहीं बनेगा। बनेगा तो RJD या किसी अन्य पार्टी से। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री तय करने का कोई मतलब नहीं है।” आगे कहा कि बिहार की जनता राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया, तो महागठबंधन की सरकार बनाने में सफलता मिलेगी।