कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है, क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की वापसी अब करीब नजर आ रही है। आईपीएल 2026 के लिए 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए पथिराना अब तक चोट के कारण टीम से नहीं जुड़ पाए थे, जिससे टीम की गेंदबाजी काफी कमजोर दिखी।

दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा की है, जिसमें पथिराना के साथ-साथ स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा को भी शामिल किया गया है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने अभी तक अपना फिटनेस टेस्ट नहीं दिया है, क्योंकि वे हाल ही में चोट से उबर रहे हैं। पथिराना को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोट लगी थी, जिसके बाद वे लंबे समय से मैदान से बाहर थे। लेकिन अब उनके फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है। सूत्रों के अनुसार, वे अप्रैल के मध्य तक भारत आकर आईपीएल 2026 में हिस्सा ले सकते हैं। यह खबर KKR के लिए बेहद अहम है, क्योंकि टीम को शुरुआती मैचों में उनकी कमी साफ तौर पर महसूस हुई।

दूसरी ओर,लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए स्थिति थोड़ी चिंताजनक है। उनकी टीम के अहम खिलाड़ी हसरंगा की वापसी फिलहाल मुश्किल नजर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अभी तक आईपीएल में खेलने के लिए एनओसी (No Objection Certificate) के लिए भी आवेदन नहीं किया है, जिससे उनकी उपलब्धता पर सवाल बने हुए हैं। अगर टीम के प्रदर्शन की बात करें, तो टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। उन्होंने अपने पहले दो मुकाबले गंवा दिए, जबकि तीसरा मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। गेंदबाजी विभाग में धार की कमी साफ दिखी, और ऐसे में पथिराना जैसे डेथ ओवर स्पेशलिस्ट की गैरमौजूदगी टीम पर भारी पड़ी। अब अगर पथिराना तय समय पर टीम से जुड़ जाते हैं, तो इससे टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी और टीम वापसी की राह पर लौट सकती है। वहीं, लखनऊ के लिए हसरंगा की अनुपस्थिति आगे भी चिंता का कारण बनी रह सकती है।