पटना में NDA का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, आम जनता भी सीधे होगी शामिल…

Ritu Raj

बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें आम जनता से लेकर खास मेहमानों तक के आने की संभावना को ध्यान में रखकर पूरी व्यवस्था की जा रही है।

गांधी मैदान में बनाए जा रहे मुख्य मंच की तैयारियां वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के अनुसार की जा रही हैं। पंडाल, साउंड सिस्टम और आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था पूरी की जा रही है। मैदान को विभिन्न प्रक्षेत्रों में बांटा गया है ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा में कोई बाधा न आए। फिलहाल घास काटने का काम चल रहा है, जिसके बाद कारपेट बिछाने की प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्य मंच को सजाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, नगर निगम की वॉटर स्प्रिंकलर गाड़ियां मैदान में लगातार पानी का छिड़काव कर धूल को नियंत्रित कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य, आकर्षक और पूरी तरह सुरक्षित बनाने की तैयारियां जारी हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन को भव्य और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की पूरी व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि समारोह में आम जनता के साथ-साथ विभिन्न राजनेता और वीवीआईपी मेहमान भी शामिल होंगे, जिससे यह कार्यक्रम यादगार और ऐतिहासिक बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने 19 नवंबर को होने वाली विधायक दल की बैठक का भी उल्लेख किया, जिसमें नई सरकार के कार्यकाल और प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी।

Share This Article