सिटी पोस्ट लाइव
एक्ट्रेस हरलीन कौर रेखी को टीवी शो ‘कामधेनु गौ माता’ में दिखी थी। इस शो में उनका किरदार लोगों को खूब पसंद आया है। वहीं, एक्ट्रेस नें ओटीटी प्लेटफॉर्म को लेकर भी अपनी राय दी है। आइए जानते है और क्या कुछ कहा।
टीवी इंडस्ट्री की इमर्जिंग एक्ट्रेस हरलीन कौर रेखी हाल ही में शो ‘कामधेनु गौ माता’ में अहम भूमिका में है। उन्होंने एक इंटरव्यू में शो के अनुभव, भूमिका और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी बात रखी है। इस शो से जुड़ने पर अभिनेत्री ने कहा- ‘सब कुछ लगभग सितंबर 2024 में शुरू हुआ था। जब मुझे यह रोल ऑफर हुआ, तो मैंने सोचा कि क्या यह मेरे लिए सही मौका है। कुछ महीनों बाद मैंने इसे स्वीकार कर लिया। मैं खुद को बहुत लकी मानती हूं कि मुझे यह रोल मिला- यह ऐसा अवसर था जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।’ आगे उन्होंने भूमिका को लेकर कहा की ‘कपिला, जो कामधेनु माता की भूमिका निभाने वाली गाय है, उसके साथ रिश्ता बनाना बहुत जरूरी और चुनौतीपूर्ण था। स्क्रीन पर कपिला के साथ जुड़ना मेरे किरदार के लिए बहुत जरूरी था। शुरुआत में मैं थोड़ी हिचकिचा रही थी क्योंकि मैंने पहले कभी किसी जानवर के साथ इतना करीब से काम नहीं किया था। लेकिन कपिला बहुत प्यारी और मिलनसार थी। धीरे-धीरे यह रिश्ता बन गया और सिर्फ रोल निभाने में मदद नहीं की, बल्कि मेरे अंदर आध्यात्मिक समझ और ब्रह्मांड के साथ मेरा जुड़ाव भी गहरा हुआ।’ वहीं, हरलीन ने पहले दिन की शूटिंग को लेकर कहा कि यह बहुत भारी और रोमांचक दोनों था। इसके अलावा हरलीन ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को लेकर बताया- ‘ओटीटी प्लेटफॉर्म नए एक्टर्स को मौके दे रहे हैं और उन्हें अलग-अलग रोल्स में दिखने का मौका मिलता है। पारंपरिक फिल्मों की तरह नहीं, यहां कैरेक्टर पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। यह समय उन एक्टर्स के लिए बहुत रोमांचक है जो अपनी कला दिखाना चाहते हैं।’
बता दें, हरलीन कौर रेखी मूल रूप से पंजाब की रहने वाली है। वहीं, एक्ट्रेस ने पढ़ाई के समय से ही थिएटर और लोकल मॉडलिंग शो में भाग लेना शुरू कर दिया था। साथ ही उन्होंने छोटे-बड़े विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियोज से इंडस्ट्री में कदम रखा।