सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे रूपसपुर पुल के पास स्थित एक बाइक गैरेज में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि इसने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और आसपास की तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
आग लगने की सूचना तब मिली जब रूपसपुर थाने की गश्ती टीम उसी रास्ते से गुजर रही थी। गश्ती दल के सब-इंस्पेक्टर राजमणि ने दूर से ही आग की लपटें देखकर तुरंत विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही, पांच बड़ी और तीन छोटी अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें तुरंत अपने घरों से बाहर निकाला गया ताकि कोई हताहत न हो। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस भीषण आग में बाइक गैरेज समेत तीन दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग से संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है, हालांकि किसी के हताहत न होने से बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।