साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए भारत ए टीम का ऐलान कर दिया गया है। दोनों मुकाबले बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मैच 30 अक्टूबर से शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 6 नवंबर से मैदान में उतरेंगे। टीम की कमान अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के हाथों में है।
इंग्लैंड दौरे पर लगी चोट से उबरने के बाद ऋषभ पंत एक बार फिर मैदान पर लौट रहे हैं। चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें भारत ए टीम की कप्तानी सौंपी है। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में क्रिस वोक्स की यॉर्कर से घायल हुए पंत तब से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे, लेकिन अब उनकी फिटनेस और फॉर्म दोनों की परीक्षा इस सीरीज में होगी। पहले यह माना जा रहा था कि ऋषभ पंत दिल्ली की ओर से रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड के मैच में 25 अक्टूबर से हिमाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते नजर आएंगे, लेकिन अब यह संभावना कम होती दिख रही है। पंत अभी भी अपनी फिटनेस को लेकर सावधानी बरत रहे हैं और जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहते हैं।
टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज अब अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज में वापसी की पूरी कोशिश में हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम नवंबर में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाएंगे। इस दौरे का पहला टेस्ट 14 नवंबर से कोलकाता में खेला जाएगा। टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की निगाहें पंत की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वे अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट टीम में जगह बनाकर लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।