NDA में सीट बंटवारे पर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, कहा- ‘हेडक्वार्टर’ लेगा अंतिम फैसला

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में आगामी चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली से पटना लौटने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर कोई विवाद नहीं है, और इस पर अंतिम निर्णय “हेडक्वार्टर” के आदेश से ही होगा।

मांझी ने स्पष्ट किया कि सभी दलों का ध्यान फिलहाल उपराष्ट्रपति चुनाव पर केंद्रित है, जिसके बाद दिल्ली में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसी बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “एनडीए में कोई झमेला नहीं है, जो आदेश हेडक्वार्टर से मिलेगा वही मान्य होगा।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

चिराग पासवान पर साधा अप्रत्यक्ष निशाना

जब पत्रकारों ने जीतन राम मांझी से चिराग पासवान के उस बयान के बारे में पूछा, जिसमें उन्होंने एनडीए में 137 से 43 सीटों के बीच हिस्सेदारी की बात कही थी, तो मांझी ने अप्रत्यक्ष रूप से उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “चिराग पासवान का चाल और चरित्र हम 2020 से जानते हैं। इसलिए मैं उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहूंगा।” हालांकि, उन्होंने चिराग पासवान को नसीहत भी दी और कहा कि “अभी जरूरत है कि हम सब मिलकर एनडीए को मजबूत करें।”

मांझी के इस बयान को चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एनडीए में शामिल होने और सीटों पर चल रही अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच पहले से ही राजनीतिक मतभेद रहे हैं, जो अब खुलकर सामने आ रहे हैं।

सभी सीटों पर लड़ने वाले बयान पर दी सफाई

केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में दिए अपने उस बयान पर भी सफाई दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। मांझी ने स्पष्ट किया कि कभी-कभी कार्यकर्ताओं को संदेश देने के लिए ऐसा कहा जाता है। उन्होंने कहा, “हम लोग गठबंधन में सभी सीटों पर चुनाव लड़ते हैं। पिछली बार भी आपने देखा होगा, हम कितनी भी सीटों पर चुनाव लड़े हों, लेकिन 62 से ज्यादा सीटों पर प्रचार के लिए गए थे। गठबंधन में होते हैं तो सभी सीटों पर सभी दल चुनाव लड़ते हैं।”

जीएसटी बदलाव को बताया ‘ऐतिहासिक तोहफा’

जीएसटी दरों में हाल ही में हुए बदलाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की तारीफ करते हुए मांझी ने कहा कि उन्होंने अपने 46 साल के राजनीतिक जीवन में जनता को इतना बड़ा तोहफा किसी सरकार से नहीं देखा। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए काम करने वाले नेता हैं।

जीतन राम मांझी के इस दौरे और बयानों से यह साफ है कि बिहार में एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, और सभी की नजरें उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद होने वाली बैठक पर टिकी हैं।

Share This Article