कानपुर की 35 वर्षीय मॉडल गरिमा तिवारी ने अपने पति और आईपीएल क्रिकेटर अमित मिश्रा (वर्तमान में RBI में कार्यरत) के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। गरिमा ने अमित और उनके परिवार के पांच सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अतिरिक्त सिविल जज की अदालत में शिकायत दर्ज कराई है।

बता दें कि गरिमा और अमित की मुलाकात 2019 में इंस्टाग्राम पर हुई थी। तीन साल के रिश्ते के बाद, उन्होंने 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में शादी की। आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ससुराल पक्ष ने होंडा सिटी कार और 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। गरिमा के परिवार ने विदाई के समय 2.5 लाख रुपये दिए थे, लेकिन उत्पीड़न कम नहीं हुआ। मॉडल का दावा है कि अमित अक्सर शराब के नशे में उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। उन्हें कई दिनों तक भूखा रखा जाता था, जिसके कारण वे डिप्रेशन का शिकार हो गईं और उन्हें अपना मॉडलिंग करियर छोड़ना पड़ा। हालांकि, कथित प्रताड़ना से तंग आकर गरिमा ने फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

गौरतलब है कि मॉडल ने आरोप लगाया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद, अमित के प्रभाव के कारण FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने अदालत की तरफ रूख किया है। शिकायत में अमित के माता-पिता (बीना और शशिकांत मिश्रा), भाई (अमर), भाभी (रितु) और बहन (स्वाति) के नाम भी शामिल हैं।
कानूनी कार्रवाई;
| तिथि | कार्रवाई |
| 21 अप्रैल, 2025 | अमित मिश्रा के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज। |
| 23 अप्रैल, 2025 | भरण-पोषण की याचिका दायर। |
| मांग | ₹50,000 मासिक भत्ता और ₹1 करोड़ का मुआवजा। |