Lockdown Rumors: देश में लॉकडाउन की खबरों पर सरकार का बड़ा बयान, जानें LPG सप्लाई को लेकर क्या बोले हरदीप पुरी…

Ritu Raj

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी आपूर्ति को लेकर देशभर में उठ रही चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों को आश्वस्त किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ तौर पर कहा है कि भारत में लॉकडाउन लगाए जाने की खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।

शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर लॉकडाउन को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिनका कोई वास्तविक आधार नहीं है। सरकार इस तरह के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में ईंधन, गैस, ऊर्जा और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह पर्याप्त है और इसमें किसी तरह की कमी नहीं है। मंत्री ने बताया किप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सरकार का प्राथमिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को आवश्यक सेवाएं और वस्तुएं बिना किसी बाधा के मिलती रहें। इसके लिए संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भले ही परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हों, लेकिन भारत ने पहले भी ऐसे कई वैश्विक संकटों का सफलतापूर्वक सामना किया है। मौजूदा हालात में भी सरकार पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है, ताकि किसी भी संभावित व्यवधान को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। अंत में हरदीप सिंह पुरी ने देशवासियों से अपील की कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि अफवाहें न केवल अनावश्यक डर पैदा करती हैं, बल्कि व्यवस्था को प्रभावित भी कर सकती हैं। इसलिए नागरिकों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।

Share This Article