सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना में आज पूर्वी क्षेत्र के ऊर्जा मंत्रियों की एक अहम बैठक की शुरुआत हुई। इस बैठक का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया। बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के ऊर्जा मंत्री भाग ले रहे हैं।
यह उच्च स्तरीय बैठक पूर्वी भारत के राज्यों में ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने, समन्वय बढ़ाने और भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों का समाधान खोजने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
बैठक में 2030 तक सभी राज्यों में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ऊर्जा के वितरण में राज्य आपसी सहयोग कैसे करें, बिजली क्षेत्र में साइबर सुरक्षा, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का बेहतर उपयोग, तथा बिजली ग्रिड की मजबूती जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने बैठक की शुरुआत में कहा कि “देश की ऊर्जा सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब राज्य और केंद्र मिलकर काम करें। आने वाले वर्षों में बढ़ती ऊर्जा मांग को देखते हुए हमें अभी से ही रणनीति तैयार करनी होगी।”
इस बैठक में राज्यों के मंत्रियों, अधिकारियों और बिजली कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय भी लिए जाने की संभावना है। इस मंच के माध्यम से राज्यों के बीच ऊर्जा के उत्पादन, वितरण और प्रबंधन को लेकर सहयोग की नई राहें खुलने की उम्मीद है।