सिटी पोस्ट लाइव
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने अपने पिता के समर्थन में बिहार की जनता से बड़ी अपील की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 19 साल में बिहार को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और जनता को चाहिए कि 2025 के चुनाव में फिर से उन्हें मुख्यमंत्री बनाएं। निशांत कुमार ने अपने पिता की सेहत को लेकर भी बड़ा बयान दिया। जब उनसे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के इस दावे पर सवाल किया गया कि मुख्यमंत्री बीमार हैं, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
निशांत ने कहा,”पापा बिल्कुल 100% स्वस्थ हैं और पूरी ऊर्जा के साथ बिहार के विकास में लगे हुए हैं।” हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे राजनीति में आने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने न ही इसे स्वीकार किया और न ही खारिज किया। वह बिना जवाब दिए गाड़ी में बैठकर निकल गए, जिससे राजनीतिक अटकलों का दौर तेज हो गया है। उनकी चुप्पी ने यह संकेत दिया कि वे भविष्य में राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। अटकले लगाई जा रही है कि निशांत कुमार अपने पिता के सियासी सफर को आगे बढ़ाएंगे! यह सवाल अब बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।