सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान के बीच पटना में राजनीतिक हलचल चरम पर पहुंच गई है। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अचानक जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश कार्यालय का दौरा कर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया, वहीं विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने मतदाताओं के नाम एक भावुक संदेश जारी करते हुए ‘रिजल्ट, रिस्पेक्ट और राइज़’ का नया नारा दिया।
नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला
दोपहर के समय, जब दूसरे चरण की वोटिंग चरम पर थी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने करीबी सहयोगी और मंत्री विजय चौधरी के साथ पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, चुनावी स्थिति का जायजा लिया, और चुनाव में उनके समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
जदयू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “हर कदम विश्वास का, हर कदम विकास का। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।”
मंत्री विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रही सूचनाएं संतोषजनक हैं। उन्होंने कहा, “हर क्षेत्र में NDA के पक्ष में मतदान हो रहा है और लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान है। यह उत्साह बिहार की जनता के विकास और सुशासन के प्रति भरोसे को दिखाता है।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “शपथ लेने से कोई किसी को नहीं रोक सकता, लेकिन बिहार के राज्यपाल नीतीश कुमार को ही शपथ दिलाएंगे, वे ही अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। संभावित हार देखकर विपक्ष बौखलाहट में बयानबाजी कर रहा है।”
‘मन गदगद है, मेरे बिहार ने कमाल कर दिखाया है’: तेजस्वी यादव
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने रिकॉर्ड वोटिंग के बीच मतदाताओं को संबोधित करते हुए एक भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले से रिकॉर्ड वोटिंग की खबरें आ रही हैं, जहां बुजुर्ग, पहली बार वोट डालने वाले युवा, महिलाएं, किसान और व्यापारी बड़ी जागरूकता के साथ मतदान कर रहे हैं।
तेजस्वी ने ट्वीट किया, “मन गदगद है, मेरे बिहार ने कमाल कर दिखाया है। हर जाति, हर वर्ग ने लोकतंत्र के इस महोत्सव को ऐतिहासिक बना दिया है। अब ये कदम रुकने नहीं चाहिए।”
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “आपकी उंगली की नीली स्याही ही आपके भविष्य को स्वर्णिम बनाएगी।” पिछले 20 वर्षों के शासन पर आलोचना करते हुए तेजस्वी ने कहा कि इन वर्षों में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, किसान को राहत नहीं मिली, और आम आदमी महंगाई के बोझ से दबा रहा। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “अब बिहार बदलाव चाहता है, विकास चाहता है।”
तेजस्वी यादव ने अपना नया नारा देते हुए कहा, “अब बिहार को रिजल्ट, रिस्पेक्ट और राइज़ चाहिए।” उन्होंने अपने 17 महीनों की सरकार का हवाला दिया और दावा किया कि उनकी लोक-हितैषी नीतियां जमीनी स्तर पर लागू की जा सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि असली आज़ादी तभी मिलेगी जब बिहार भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, घूसखोरी और असमानता से मुक्त होगा।